Chandigarh News: पंजाब में भाजपा सरकार बने: नायब सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब की जनता से की भाजपा को समर्थन देने की अपील;
Chandigarh News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जीरकपुर में आयोजित एक सम्मान समारोह में पंजाब की जनता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई है और अब पंजाब को भी उसी राह पर आगे बढ़ने की जरूरत है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के तीन पार्षदों ने भाजपा का दामन थामा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पंजाब के विकास की उम्मीद
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बीते दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को दुनिया भर में एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। अब समय आ गया है कि पंजाब भी उनके नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।
जीरकपुर में हुआ सम्मान समारोह
मुख्यमंत्री सैनी रविवार को जीरकपुर पहुंचे, जहां पार्षद हरजीत मिंटा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस अवसर पर पंजाब के कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें सम्मानित किया।
Chandigarh News: कई नेता भाजपा में हुए शामिल
समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षद हरजीत मिंटा, कांग्रेस की पार्षद सुनीता जैन और ऊषा राणा ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। मुख्यमंत्री सैनी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
पंजाब की जनता को अब नया विकल्प चाहिए
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता ने सालों तक अलग-अलग राजनीतिक दलों पर विश्वास किया, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ निराशा मिली। अब जनता को समझ आ गया है कि अगर राज्य को आगे ले जाना है तो प्रधानमंत्री मोदी जैसा मजबूत नेतृत्व चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान, युवा और महिलाएं केंद्र सरकार की नीतियों से जुड़कर तरक्की करना चाहते हैं।
Chandigarh News: गणमान्य लोग भी रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, पंजाब की पूर्व सांसद परनीत कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव वाशिष्ठ, मनप्रीत संधू और एसमएएस संधू समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।