Himachal News Today: मई में मिल सकता है हिमाचल कांग्रेस को नया अध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल छह मई को हो रहा समाप्त, नई कार्यकारिणी के साथ होगा नये अध्यक्ष का ऐलान संभव;

Update: 2025-04-24 07:09 GMT

Himachal News Today: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी को मई महीने में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। वर्तमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का तीन साल का कार्यकाल छह मई को समाप्त हो रहा है। 27 अप्रैल 2022 को उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और छह मई 2022 को उन्होंने शिमला स्थित राजीव भवन में पदभार ग्रहण किया था।

प्रदेश कांग्रेस की जिला और ब्लॉक कार्यकारिणियां नवंबर 2024 से पहले ही भंग की जा चुकी हैं। ऐसे में संभावना है कि नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के साथ-साथ पार्टी नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की भी घोषणा कर सकती है।

अध्यक्ष पद पर सहमति में देरी

पार्टी सूत्रों की मानें तो कार्यकारिणी के गठन में हो रही देरी का एक प्रमुख कारण यह है कि नए अध्यक्ष के नाम पर आम सहमति नहीं बन पाई है। हाईकमान का मानना है कि पहले अध्यक्ष तय किया जाए, उसके अनुसार ही कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

Himachal News Today: रजनी पाटिल का शिमला दौरा अहम

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल 25 अप्रैल को शिमला पहुंचेंगी। वे पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर 26 अप्रैल को होने वाली 'संविधान बचाओ रैली' की तैयारियों का जायजा लेंगी। इस दौरान नई प्रदेश कार्यकारिणी और अध्यक्ष को लेकर भी कुछ संकेत मिलने की संभावना है।

कुलदीप राठौर और अनिरुद्ध सिंह चर्चा में

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर को दोबारा संगठन की कमान सौंपे जाने की चर्चाएं तेज हैं। वहीं, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह का नाम भी अध्यक्ष पद के लिए चल रहा है। यदि पार्टी राठौर को अध्यक्ष नहीं बनाती, तो किसी मौजूदा मंत्री को पद से हटाकर यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Himachal News Today: प्रतिभा सिंह का कार्यकाल बढ़ने की भी संभावना

वर्तमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पहले भी कहा है कि उन्हें पूर्व अध्यक्ष के समय की कार्यकारिणी के साथ काम करना पड़ा। उनका कहना है कि उन्हें अधिकार मिलना चाहिए कि वे नई कार्यकारिणी गठित करें। अगर हाईकमान उनके इस मत से सहमत होता है, तो उनका कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है।

प्रभारी और सह प्रभारी शिमला पहुंचेंगे

प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी 25 अप्रैल को शिमला आएंगे। इन्हें विशेष रूप से दिल्ली से 26 अप्रैल को होने वाली संविधान बचाओ रैली के लिए भेजा गया है। रैली में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक शामिल होंगे।

Tags:    

Similar News