Palampur News: महिला की हत्या में तीन गिरफ्तार

पालमपुर के गलू लंघा जंगल में महिला की हत्या का मामला सुलझा, तीन आरोपी गिरफ्तार;

Update: 2025-04-25 06:47 GMT

Palampur News: पालमपुर के पास गलू लंघा के जंगल में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान झारखंड की पिंकी देवी के रूप में हुई थी, जो हिमाचल में मजदूरी करती थी। हत्या के पीछे अवैध संबंध और शादी का दबाव सामने आया है।

जंगल में मिली थी प्रवासी महिला की लाश

कुछ दिन पहले पालमपुर के समीप गलू लंघा के जंगलों में एक महिला का शव बरामद हुआ था। महिला की पहचान पिंकी देवी, पत्नी दिनेश तुरी, निवासी नावाडीह पैंक वोकार, झारखंड के रूप में हुई, जो भवारना क्षेत्र में मजदूरी करती थी। पिंकी देवी 10 अप्रैल से लापता थी और उसके परिजनों ने उसी दिन पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।

Palampur News: पोस्टमार्टम में सिर पर गहरे वार के निशान मिले

महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया, जिसमें सिर पर किसी भारी वस्तु से वार के निशान पाए गए। इससे यह साफ हुआ कि महिला की हत्या की गई थी।

मुख्य आरोपी मोंटू कुमार दिल्ली से दबोचा गया

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मोंटू कुमार (28), निवासी चंपारण, बिहार को दिल्ली से उसकी सास के घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पूरी साजिश का खुलासा किया।

Palampur News: दो अन्य आरोपी भी चढ़े पुलिस के हत्थे

मोंटू की निशानदेही पर पुलिस ने छोटे लाल (28) और मोती लाल (40), दोनों निवासी मधुबनी, बिहार को राजपुर टांडा से गिरफ्तार किया। तीनों ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया।

अवैध संबंध बने हत्या की वजह

डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि मृतका पिंकी देवी और मोंटू कुमार के बीच अवैध संबंध थे। महिला उस पर शादी करने और पैसे देने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर मोंटू ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे जंगल में ले जाकर लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी।

Tags:    

Similar News