Jharkhand News: झारखंड में करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की हत्या
जमशेदपुर में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, समर्थकों ने NH-33 किया जाम;
Jharkhand News: झारखंड के जमशेदपुर में 'राजपूत करणी सेना' के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने होटल के पास एक गली में उन्हें सिर में गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और समर्थकों ने नेशनल हाईवे को जाम कर विरोध जताया।
हत्या की वारदात से दहला जमशेदपुर
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा इलाके में 'राजपूत करणी सेना' के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह को गोली मार दी गई। जब वह मिनी पंजाब होटल के पास की गली में दाखिल हो रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई।
Jharkhand News: घटनास्थल से बरामद हुई देसी पिस्टल और बाइक
पुलिस के अनुसार, विनय सिंह मानगो सहारा सिटी में रहते थे। जब देर रात तक वे घर नहीं लौटे और फोन भी बंद मिला, तो परिजनों ने गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को उनका शव बालीगुमा क्षेत्र में मिला। मौके से एक देसी हथियार और उनकी बाइक भी बरामद हुई है।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षत्रिय समाज और करणी सेना के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। स्थानीय नेता मस्तान सिंह ने कहा कि "जब एक संगठन का प्रदेश अध्यक्ष भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा की कल्पना भी नहीं की जा सकती।"
Jharkhand News: सड़क जाम कर विरोध, प्रशासन ने दिलाया भरोसा
हत्या की खबर फैलते ही समर्थकों ने नेशनल हाईवे-33 को डिमना चौक के पास जाम कर दिया। तकरीबन दो घंटे तक सड़क पूरी तरह अवरुद्ध रही। देर रात 1 बजे ग्रामीण एसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
हत्या की वजह अभी अज्ञात
फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। डीएसपी वचन देब कुजूर ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अपराधियों को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छानबीन में जुटी है।