IPL 2025: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का IPL में शतक, दिग्गज हुए फैन

IPL 2025 में 14 साल के बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, सोशल मीडिया पर मचा तहलका;

Update: 2025-04-29 09:34 GMT

IPL 2025: बिहार के 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह आईपीएल इतिहास का किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे तेज शतक है। उनकी इस विस्फोटक पारी ने रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, मलाइका अरोड़ा जैसे कई दिग्गजों को प्रभावित किया और सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई।

14 साल की उम्र में IPL में तहलका

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2025 में एक ऐतिहासिक पारी खेलते हुए 35 गेंदों में शतक ठोक दिया। यह उनका तीसरा IPL मैच था और इस प्रदर्शन के साथ वह सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। उनकी इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 11 गगनचुंबी छक्के जड़े और 265.79 की स्ट्राइक रेट से 101 रन बनाए।

IPL 2025: सोशल मीडिया पर दिग्गजों की बधाई

वैभव की इस धमाकेदार पारी पर सोशल मीडिया पर क्रिकेट और बॉलीवुड की हस्तियों ने जमकर तारीफ की। सूर्यकुमार यादव ने लिखा, “यह पारी एक पागलपन थी।” रविचंद्रन अश्विन ने कहा, “14 साल की उम्र में क्या कर रहे थे आप?” रोहित शर्मा ने बस एक शब्द लिखा — “क्लास।”

हार्दिक पांड्या ने लिखा, “क्या कमाल की प्रतिभा है!” वहीं युजवेंद्र चहल ने कहा, “भारत का भविष्य सामने है।” ईशान किशन, शिखर धवन, तिलक वर्मा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह और हरभजन सिंह सहित कई क्रिकेटर्स ने उनकी प्रशंसा की।

मलाइका अरोड़ा भी हुईं फैन

अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में वैभव के शतक का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “अविश्वसनीय।” मलाइका को इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के कई मैचों में स्टेडियम में सपोर्ट करते देखा गया है।

IPL 2025: क्रिकेट दिग्गजों ने बताया भविष्य का सुपरस्टार

भारत के पूर्व क्रिकेटर के श्रीकांत ने लिखा, “14 की उम्र में बच्चे आइसक्रीम खाते हैं और सपने देखते हैं, लेकिन वैभव ने GT जैसी मजबूत टीम के खिलाफ शतक जड़ दिया। संयम, क्लास और साहस का गजब मेल। यह भारतीय क्रिकेट का अगला सुपरस्टार है।”

राजनीतिक हस्तियों की भी प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने ट्वीट किया, “वैभव सूर्यवंशी अविश्वसनीय हैं! इस असाधारण प्रतिभा की देखभाल सही तरीके से की जानी चाहिए, वह भारत के लिए अगले 20 वर्षों तक खेल सकते हैं।”

IPL 2025: सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड टूटा

वैभव ने 35 गेंदों में शतक लगाकर यूसुफ पठान का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2010 में 37 गेंदों में शतक जड़ा था। क्रिस गेल का अब भी IPL में सबसे तेज शतक (30 गेंदों में) का रिकॉर्ड कायम है, जो उन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ लगाया था।

Tags:    

Similar News