UPSC Result 2025: पहले प्रयास में वैभव और सौरभ ने पाई सफलता, आयुषी की मेहनत रंग लाई
यूपीएससी 2024 का परिणाम जारी, हिमाचल के युवाओं ने रचा कीर्तिमान;
UPSC Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। हिमाचल प्रदेश के होनहार युवाओं ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। बिलासपुर के वैभव सिंह और दिल्ली में रह रहे सौरभ सिंह ने पहले प्रयास में ही सफलता हासिल की, वहीं शिमला की आयुषी ठाकुर ने तीसरे प्रयास में IRS में चयन पाकर मिसाल पेश की।
वैभव सिंह ने पहले ही प्रयास में रचा इतिहास
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र के रहने वाले 23 वर्षीय वैभव सिंह ने UPSC परीक्षा 2024 में ऑल इंडिया रैंक 82 हासिल कर ली है। यह उनका पहला प्रयास था और इसी में उन्होंने सफलता प्राप्त कर सभी को गौरवान्वित किया। वैभव के पिता वीरेंद्र सिंह पनोह स्कूल में प्रधानाचार्य हैं, जबकि माता मोनिका सिंह बिलासपुर के गवर्नमेंट कॉलेज में फिजिक्स की प्रोफेसर हैं। वैभव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रोहड़ू में ली और आगे की पढ़ाई शिमला पब्लिक स्कूल और डीएवी न्यू शिमला से पूरी की। दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में ऑनर्स की डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
UPSC Result 2025: आयुषी ठाकुर को तीसरे प्रयास में मिली कामयाबी
शिमला जिले के जुन्गा गांव की रहने वाली आयुषी ठाकुर ने इस बार की UPSC परीक्षा में 325वीं रैंक हासिल की है। उन्हें भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के लिए चुना गया है। यह उनकी तीसरी कोशिश थी, जिसमें उन्होंने प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू तीनों में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 12वीं में मानविकी विषय में 95% अंक अर्जित किए और इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक किया। साथ ही IGNOU से महिला सशक्तिकरण पर डिप्लोमा भी प्राप्त किया। आयुषी ने कॉलेज के दूसरे वर्ष से ही UPSC की तैयारी शुरू कर दी थी। उनका मानना है कि निरंतर अभ्यास, सही रणनीति और परिवार का समर्थन सफलता की कुंजी है। वे हर दिन 6 से 7 घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता मदन मोहन और सुलक्षणा ठाकुर को दिया।
सौरभ सिंह ने भी पहले प्रयास में बाज़ी मारी
सौरभ कुमार सिंह, जिन्होंने UPSC 2024 में 378वीं रैंक हासिल की है, मूलतः हिमाचल के शोघी क्षेत्र के डीएवी स्कूल में 10वीं तक पढ़े और बाद में दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर में रहकर पढ़ाई की। उन्होंने देशबंधु कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। उनके पिता उपेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि सौरभ ने पहले ही प्रयास में कड़ी मेहनत और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।